गोरखनाथ मंदिर में खिचड़ी मेले को लेकर स्वास्थ्य महकमा ने तैयारी शुरू कर दी है। मंदिर परिसर में दो बेड का अस्पताल खोला जाएगा, साथ ही हेल्थ कैंप लगाए जाएंगे। कैंप में 24 घंटे स्वास्थ्य कर्मी तैनात रहेंगे। वहीं मंदिर के आसपास नौ निजी अस्पतालों को अलर्ट कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग को ओर से इन अस्पतालों के प्रबंधकों को पत्र जारी करते हुए अस्पतालों को ऑक्सीजन से लेकर सभी संसाधनों से लैस करने को कहा गया है।
मकर संक्रांति महापर्व के अवसर पर 14 व 15 जनवरी को गोरखनाथ मंदिर में होने वाली भीड़ को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं। स्वास्थ्य विभाग ने इमरजेंसी से निपटने के लिए नौ निजी अस्पतालों को चिन्हित कर अलर्ट कर दिया है।
मंदिर परिसर में एंबुलेंस के साथ पैरामेडिकल स्टॉफ और डॉक्टर की टीमें लगाई जाएंगी। वहीं विभाग ने प्राइवेट अस्पताल के प्रबंधकों को पत्र जारी कर एंबुलेंस और इमरजेंसी संबंधित संसाधनों आदि सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया है।
ये है प्राइवेट हॉस्पिटल
- - गुरु गोरखनाथ चिकित्सालय
- - आनंद लोक हॉस्पिटल गोरखनाथ
- - गोरखपुर चिकित्सालय एंड रिसर्च सेंटर राजेंद्र नगर
- - शतायु हॉस्पिटल सोनौली रोड
- - कान्हा हेल्थ केयर सोनौली रोड
- - इशिता हॉस्पिटल
- - जेपी हॉस्पिटल निकट गोरखनाथ
- - कात्यायनी हॉस्पिटल गोरखपुर
- - खेतान हॉस्पिटल गोरखपुर
सीएमओ डॉ. आशुतोष कुमार दुबे ने कहा कि खिचड़ी मेले को देखते हुए सभी तैयारियां पूरी की जा रही है। मंदिर परिसर के आसपास के नौ प्राइवेट हॉस्पिटलों को चिन्हित कर उन्हें तैयारी पूरी करने का निर्देश दिया गया है।