सरदारनगर। चौरीचौरा क्षेत्र के सरैया चौराहे के पास बाइक सवार दो युवकों पर मारपीट कर ब्रेसलेट छीनने का आरोप लगा है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों सरैया निवासी विकास यादव और दूसरे अज्ञात युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। आमकोल निवासी सूरज सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह शुक्रवार रात करीब 7:30 बजे अपनी बच्ची के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सरैया चौराहे के पास सामने से आ रहे बाइक सवार दो युवक नशे की हालत में थे और सड़क पर आने-जाने वाले लोगों को गाली दे रहे थे।
सूरज के अनुसार, जब दोनों युवक प्रमोद कश्यप के विद्यालय के पास पहुंचे तो उन्होंने सूरज सिंह को भी गाली देना शुरू कर दिया। विरोध करने पर दोनों युवकों ने मिलकर उनके साथ मारपीट की और ब्रेसलेट छीनकर भाग निकले। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए। इसी दौरान एक आरोपी की पहचान सरैया निवासी विकास यादव के रूप में हुई, जबकि दूसरा युवक अज्ञात बताया गया।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। एक आरोपी की पहचान हो चुकी है, जबकि दूसरे की पहचान कर पूछताछ की जा रही है। थाना प्रभारी वेद प्रकाश शर्मा ने बताया कि दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।