शहर से बाइक चोरी कर दूसरे जिले या देहात में बेचने वाले दो शातिर युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार उनकी निशानदेही से चोरी की पांच मोटरसाइकिलें बरामद कर लीं। पूछताछ में पकड़े गए शहनवाज ने बताया कि प्रेमिका के शौक पूरे करने के चक्कर में वह चोरी करने लगा था। वह इसके पहले भी लूट के आरोप में जेल की जा चुका है।
शहनवाज के साथ संदीप को रामगढ़ताल पुलिस ने चिड़ियाघर के पास से चेकिंग के दौरान पकड़ा।
पकड़े गए आरोपित चौरीचौरा के मुंडेरा बाजार निवासी आरफीन उर्फ शहनवाज और चौरीचौरा के वार्ड नंबर दस निवासी संदीप राजभर हैं। एसपी सिटी डॉ. कौस्तुभ ने प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि दोनों अपने अन्य साथियों साथ मिलकर बाइक चोरी करते हैं। चोरी की बाइक से मिलने वाली रकम से उनका खर्च चलता है।
पूरा गैंग आरफीन के इशारे पर काम करता है, चोरी की गाड़ियों पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर शहर में घूमते हैं। चोरी की बाइक से ही दूसरी बाइक चोरी करते हैं। एसपी सिटी और सीओ सुमित शुक्ला ने बताया कि आरफीन उर्फ शहनवाज कई बार लूट, चोरी, छिनैती में जेल जा चुका है। वह अपनी पहचान छिपाने के लिए फर्जी आधार कार्ड इस्तेमाल करता है।
उसके पास से बघाड़ के अजय सिंह के नाम का आधार कार्ड मिला। चौरीचौरा सहित कई थानों में आरफीन के खिलाफ 31 मामले दर्ज हैं। चौरीचौरा में उसकी हिस्ट्रीशीट भी खुल चुकी है। एसपी सिटी ने बताया कि शुक्रवार की रात में चेकिंग के दौरान पुलिस को कामयाबी मिली।