गोरखपुर। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के मोबाइल फोन चोरी करने वाले दो आरोपियों को जीआरपी ने गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से करीब 40 हजार रुपये कीमत के दो एंड्राइड मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। बरामद मोबाइल जीआरपी थाने में दर्ज चोरी के मामले से संबंधित बताए गए हैं।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान राहुल डोम और गोलू डोम निवासी डोमखाना, सूरजकुंड, तिवारीपुर के रूप में हुई है। दोनों को स्टेशन के गेट नंबर 6-ए के पास से पकड़ा गया। जीआरपी के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे वर्ष 2018 से चोरी की घटनाओं में शामिल हैं। स्टेशन और प्लेटफार्म के अलावा चलती ट्रेनों में सो रहे यात्रियों को निशाना बनाते थे।
चोरी के मोबाइल राह चलते लोगों को बेचकर उससे अपना खर्च चलाते थे। जीआरपी थाना प्रभारी अनुज सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों के पास से मिले मोबाइल पूर्व में दर्ज मामले से संबंधित हैं। दोनों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।