गोरखपुर। डीए स्पोर्ट्स की ओर से रविवार को सहारा क्रिकेट ग्राउंड पर आयोजित डीएसीएल सीजन-3 के रोमांचक मुकाबले में तुषार एकादश ने ईस्टर्न चैलेंजर्स को 35 रनों से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के नायक रहे दुर्गेश चौधरी, जिन्होंने बेहतरीन अर्धशतकीय पारी खेलते हुए ‘मैन आफ द मैच’ का पुरस्कार अपने नाम किया।
टाॅस जीतकर तुषार एकादश के कप्तान रितेश शाही ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और निर्धारित 20 ओवरों में तीन विकेट के नुकसान पर 159 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से दुर्गेश आठ चौकों की मदद से 60 रन बनाए। उनके अलावा शिवेंद्र रावत ने छह चौकों के साथ 41 रन व मनोज पांडेय ने चार चौकों की मदद से 35 रनों का योगदान दिया। ईस्टर्न चैलेंजर्स की ओर से गेंदबाजी में रोशन सिंह ने दो विकेट और सोनू ने एक विकेट हासिल किया, जबकि अन्य गेंदबाज प्रभावी साबित नहीं हो सके।
जीत के लिए 160 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ईस्टर्न चैलेंजर्स की टीम 20 ओवरों में 124 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से अभय सिंह ने चार चौकों के साथ 35 रन बनाए। सन्नी सिंह और शोएब अहमद ने 23-23 रन और सूरज सिंह ने 15 रनों का योगदान दिया, लेकिन अन्य बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं कर सके। तुषार एकादश की टीम ने गेंदबाजी ने शानदार प्रदर्शन किया। नीरज यादव ने तीन विकेट झटके, जबकि विजय त्रिपाठी, शिवेंद्र रावत, अभय मिश्रा ने दो-दो व राहुल त्रिपाठी को एक विकेट लिए।