नलकूप संचालकों को आज मिलेगा नियुक्ति पत्र
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से चयनित नलकूप संचालकों को बुधवार को नियुक्ति पत्र और पदस्थापना पत्र मिलेगा। बुधवार को राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र के माध्यम से चयनित नलकूप संचालकों का ‘नियुक्ति पत्र वितरण एवं पदस्थापना तथा संवाद’ आयोजित किया गया है।
नवनियुक्त नलकूप चालकों का प्रशिक्षण पूरा होने के बाद वरिष्ठता क्रमांक के अनुसार उनकी काउंसिलिंग कराकर जिले के रिक्त राजकीय नलकूपों पर पदस्थापित किया जाएगा। डीएम ने एनआईसी में पूर्वाह्न साढ़े ग्यारह बजे आयोजित कार्यक्रम में गोरखपुर के सांसद, विधायक व अन्य जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया है। नलकूप खंड प्रथम के अधिशासी अभियंता एवं नोडल अधिकारी एसबी सिंह ने बताया कि प्रदेश में 3209 नलकूल चालकों को नियुक्ति की जा रही है। इनमें से गोरखपुर में 101 नलकूप संचालकों की नियुक्ति की जानी है, जिनमें से 92 नलकूप संचालकों ने विभाग में अपना योगदान दे दिया है।