सहजनवां। गोरखपुर-लखनऊ फोरलेन पर कस्बे में देशी शराब की दुकान के पास बृहस्पतिवार को सिलिंडर लदे बेकाबू ट्रक ने बाइक सवार को कुचल दिया। हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर ट्रक कब्जे में ले लिया।
उरुवा थाना क्षेत्र के देवराजपार निवासी 35 वर्षीय दिनेश मौर्या पुत्र स्व. श्यामराज मौर्या बाइक से सिलिंडर लेकर खलीलाबाद की ओर जा रहे थे। दोपहर करीब दो बजे देशी शराब की दुकान के सामने अचानक ट्रक अनियंत्रित हो गया और बाइक समेत दिनेश को चपेट में ले लिया। पहिए के नीचे आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर रुक गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर ट्रक थाने भेज दिया। पुलिस ने हादसे की सूचना मृतक के परिजन को दे दी है। थाना प्रभारी संजय मिश्रा ने बताया कि चालक को हिरासत में लेकर ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।