परिवार के सदस्य रविवार को घर से बाहर गए थे। बेटी घर में अकेली थी। इसी बीच फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। घर लौटने पर मां ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस के आने पर शव पंखे से उतारा गया।
एसपी नार्थ मनोज अवस्थी ने बताया कि किशोरी की फंदे से लटकती लाश मिली है। मां की तहरीर पर केस दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है। मौत से पहले पुलिस को छेड़खानी की जानकारी नहीं दी गई थी। मामला अब संज्ञान में आया है। प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
नाम भले ही उसका अच्छेलाल है, लेकिन करतूतें काली हैं। उस पर दुष्कर्म के अलावा लूट, जालसाजी, चोरी जैसे 18 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस की फाइलों में वह हिस्ट्रीशीटर है और दुष्कर्म के आरोप में जेल जा चुका है। करीब एक साल पहले जमानत पर जेल से बाहर आया है। अब उस पर किशोरी को खुदकुशी के लिए उकसाने का केस दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि नियमानुसार उसकी निगरानी की जा रही थी।
जानकारी के मुताबिक, कम उम्र की लड़कियों को प्रेम जाल में फंसाकर शारीरिक शोषण करने में 36 साल के अच्छेलाल को महारत हासिल है। एक नाबालिग को चार साल पहले शिकार बनाया था। हालांकि, इस मामले में किशोरी की शिकायत पर पुलिस ने दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया था। यह वाक्या तब हुआ था जब वह खोराबार इलाके में हुई लूट के मामले में जमानत पर जेल से बाहर आया था।
इसके बाद वह जेल में था और करीब एक साल पहले जमानत पर रिहा होकर जेल से बाहर आया था। बताया जा रहा है कि इसके बाद ही वह किशोरी के संपर्क में आया था, जिसकी जानकारी घरवालों को नहीं थी। इसी बीच किशोरी गर्भवती हो गई थी और अच्छेलाल ने उससे दूरी बना ली थी। पुलिस का कहना है कि इसी वजह से किशोरी ने आत्मघाती कदम उठा लिया।
बढ़ सकती है पॉक्सो एक्ट की धारा
किशोरी की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया है कि वह गर्भवती थी। इसकी जानकारी घरवालों को नहीं थी। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट के हिसाब से पुलिस आरोपी पर दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धारा बढ़ा सकती है।