गोरखपुर में सोशल मीडिया और चैटिंग एप्स पर तेजी से पांव पसार रहे 'फ्रेंडशिप स्कैम' लड़कियों का जीवन बर्बाद कर रहे हैं। दोस्ती के नाम पर जालसाज पहले उनका भरोसा जीतते हैं और फिर उन्हें ब्लैकमेलिंग के जाल में फंसा कर रुपये ऐंठते हैं। हाल ही में गोला थाना क्षेत्र की युवती ने ब्लैकमेलिंग से तंग आकर खुदकुशी कर ली।
साइबर सेल के मुताबिक, जालसाज पहले फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप जैसे प्लेटफॉर्म पर लड़कियों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजते हैं। बातचीत का सिलसिला बढ़ने पर वे चैटिंग को निजी मोड़ दे देते हैं। कई बार वीडियो कॉल कर आपत्तिजनक बातचीत या निजी वीडियो बनवा लेते हैं।
इसके बाद वही वीडियो वायरल करने की धमकी देकर रुपये की मांग शुरू कर देते हैं। साइबर विशेषज्ञों का कहना है कि यह अपराध 'भावनाओं और डर' का फायदा उठाता है।
लोग सामाजिक छवि और इज्जत खोने के डर से चुप रहते हैं, जिससे अपराधियों के हौसले बढ़ते हैं। गोला थाना क्षेत्र की युवती ने भी भरोसे में आकर वीडियो कॉल की और जालसाजों ने उसे रिकॉर्ड कर लिया। इसी को दिखाकर वह ब्लैकमेल कर रहे थे।
अम्मा! मुझे माफ करना...मेरे नसीब में यही लिखा था
गोरखपुर के गोला थाना क्षेत्र की युवती ने खुदकुशी से पहले मां के नाम एक वीडियो संदेश छोड़ा है। इस संदेश में उसने अपने साथ ही आपबीती का जिक्र तो किया ही है अपनी बेबसी भी बयां की है। वीडियो में युवती कहती दिख रही है-अम्मा! इन्होंने वीडियो बनाकर मुझे बहुत परेशान किया।
मुझे न चाहते हुए भी ये सब करना पड़ रहा है। अम्मा! तुम अच्छे से रहना। आपको इस बारे में नहीं बताया क्योंकि आप भी परेशान हो जातीं। मुझे माफ कर देना। आगे उसने में वीडियो में कहा-वीडियो वायरल की धमकी देने वाले दो लोगों ने मिलकर जीना मुश्किल कर दिया। मेरे नसीब में यही लिखा था।
अम्मा! मैं बुरी तरह फंस गई हूं, अब इससे छुटकारा पाना चाहती हूं। इस मैसेज को भेजने के बाद ही युवती ने घर के एक कमरे में छत पर फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस को युवती के मोबाइल फोन से कुछ वीडियो मैसेज और भी मिले हैं।
इसमें वह जालसाजों के सामने गिड़गिड़ा रही है। फिर भी जालसाज उसे कॉल कर वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहे हैं। ब्लैकमेल कर रुपये की डिमांड भी कर रहे हैं। वीडियो में अलग-अलग व्यक्ति युवती से बात करते दिख रहे हैं।
वे युवती को रुपये के इंतजाम करने के आधे घंटे का समय देने की बात कह रहे हैं। जबकि युवती गिड़गिड़ाते हुए और समय मांग रही है। जालसाज उसे और समय न देकर आधे घंटे में ही रुपये भेजने का दबाव बना रहे हैं।
अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी से परेशान युवती ने दी जान
गोरखपुर के गोला थाना इलाके के एक गांव की 27 वर्षीय युवती ने बृहस्पतिवार की रात फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। परिजनों के अनुसार, साइबर ठग अश्लील वीडियो भेजकर उसे ब्लैकमेल कर रुपये मांग कर रहे थे। युवती ने कुछ रुपये दिए भी थे। जब उसने रुपये देने बंद कर दिए तो आरोपियों ने फिर से धमकाना शुरू कर दिया। तंग आकर युवती ने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
केस 1
जून 2024 में गोरखनाथ इलाके की युवती से 19 लाख रुपये ठगी का मामला सामने आया था। युवती की फेसबुक पर एक दिन उसकी मुलाकात कथित तौर पर लखनऊ के एक परिवार से हुई। फिर उस घर के युवक से फेसबुक पर दोस्ती हो गई थी। युवक ने बताया था कि वह लंदन में है।
चैटिंग होने के बाद भरोसा बढ़ा तो बोला कि वह शादी करना चाहता है और इसके लिए लंदन से आ रहा है। युवती भी खुश हो गई थी और फिर एक दिन जालसाज युवक का फोन आया कि वह दिल्ली एयरपोर्ट पर पकड़ लिया गया है। छुड़ाने के लिए रुपये मांगे।
थोड़ा-थोड़ा करते कई बार 19 लाख रुपये युवती ने भेज दिए। जालसाज अब युवती को फोन कर कहता है कि वह तस्करी करता है, तुम भी उसके गिरोह की सदस्य हो। फंस जाओगी, बचना है तो चार लाख और भेजो। इसके बाद युवती खुद को चंगुल में फंसा पाते हुए एसपी दफ्तर पहुंचकर आपबीती बताई थी।
केस 2
कोतवाली थानाक्षेत्र स्थित हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करने वाली युवती इंस्टाग्राम पर लंदन के युवक की दोस्ती में फंस गई थी। युवक ने उसे महंगे गिफ्ट भेजने का झांसा देकर पार्सल डिलीवरी के नाम पर 72 हजार रुपये ठग लिए थे।
युवक ने दावा किया था कि उसने 21 अप्रैल को युवती के नाम एक पार्सल भेजा है, जिसमें आईफोन, जेवर आदि हैं। उसी दिन युवती के पास एक कॉल आई। खुद को कुरियर कंपनी का कर्मचारी बताने वाले शख्स ने डिलीवरी से पहले 72 हजार रुपये मांगे थे।
युवती ने जैसे ही रुपये भेजे, उसके बाद एक और कॉल आई। इस बार कॉल करने वाले ने खुद को कस्टम अधिकारी बता कर हत्या की धमकी दी थी। इसी बीच फिर एक वीडियो भेजा गया जिसमें एक युवती को पुलिस पीटती नजर आ रही थी।
वीडियो भेजकर धमकी दी गई कि अगर दो लाख रुपये और नहीं भेजे तो तुम्हारा भी यही अंजाम होगा। काफी देर तक जब यह सिलसिला चलता रहा, तब युवती को खुद के जालसाजी में फंसे होने की जानकारी हुई थी।
साइबर हेल्पलाइन में दर्ज कराएं शिकायत
साइबर एक्सपर्ट उपेंद्र सिंह ने बताया कि इस तरह की ब्लैकमेलिंग से डरने की जरूरत नहीं है। यदि कोई धमकी देता है तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें या नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं। रुपये भेजने के बजाए कानूनी कार्रवाई से ही अपराधियों को पकड़ा जा सकता है।
जालसाजी से ऐसे बचें
- सोशल मीडिया पर अजनबियों से बातचीत न करें, खासकर जब वे विदेश में होने का दावा करें।
- कोई गिफ्ट भेजने की बात करे तो सावधान हो जाएं।
- एयरपोर्ट या कस्टम से जुड़ी काॅल पर कभी भी तुरंत रुपये न भेजें।
- अगर कोई खुद को अधिकारी बताए और डराने की कोशिश करे तो सीधे 1930 पर काल करें या नजदीकी थाने में संपर्क करें।
- अपनी निजी जानकारी जैसे आधार, फोटो, बैंक डिटेल किसी को न भेजें।
- सच्चाई छुपाने के बजाए पुलिस से साफ-साफ बात करें।