पीपीगंज इलाके में हुई घटना, पुलिस ने आरोपी की बाइक को कब्जे में लिया
महिला के शोर मचाने पर बाइक छोड़कर फरार शोहदे को पुलिस ने पकड़ा
अमर उजाला ब्यूरो
जंगल कौड़िया (गोरखपुर)। पीपीगंज इलाके में घर जाने के लिए रविवार की रात में ऑटो का इंतजार कर रही महिला को बाइक सवार ने लिफ्ट देकर दुष्कर्म की कोशिश की। आरोप है कि गला दबाकर उसने हत्या करने की भी कोशिश की। शोर मचाने पर गांववाले आए तो आरोपी बाइक छोड़कर फरार हो गया था। पुलिस ने दुष्कर्म की कोशिश, हत्या की कोशिश की धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। मंगलवार को महिला का कोर्ट में बयान दर्ज कराया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक, पीपीगंज के जंगल कौड़िया के पास रविवार की रात में 10 बजे 35 वर्षीय महिला खड़े होकर तुर्कवलिया जाने के लिए ऑटो का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक सवार युवक पहुंचा। तुर्कवलिया जाने की जानकारी देते हुए बताया कि इतनी रात में ऑटो नहीं मिलेगा। वह उसे घर तक सुरक्षित छोड़ देगा।
बाइक सवार युवक की बात पर भरोसा करके महिला उसकी बाइक पर बैठ गई। आरोप है कि तीन किलोमीटर आगे सुनसान स्थान पर युवक ने सड़क किनारे बाइक रोक दी और महिला काे खींचकर धान के खेत में ले गया। जान से मारने की धमकी देकर दुष्कर्म का प्रयास किया।
शोर सुनकर राहगीर बचाने के लिए दौड़े तो आरोपी अपनी बाइक छोड़कर फरार हो गया। डाॅयल 112 पर सूचना देने पर पीपीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। बाइक को कब्जे में लेकर थाने आई और आरोपी को पकड़ लिया गया है।
कोट
महिला की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। महिला का मंगलवार को कोर्ट में बयान कराया जाएगा, इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-मनोज अवस्थी, एसपी नार्थ