कुईं बाजार क्षेत्र के हरदत्तपुर पेट्रोल पंप के पास की घटना, जेई ने दी तहरीर
कुईं बाजार। हरदत्तपुर पेट्रोल पंप के सामने लगे ट्रांसफार्मर वाले एक खंभे पर शुक्रवार की सुबह एक ट्रक ने ठोकर मार दी। आधे घंटे बाद दूसरे खंभे पर एक प्राइवेट बस ने ठोकर मार दी। जिससे खंभे पर रखा ट्रांसफार्मर गिर गया। गनीमत रहा कि कोई घायल नहीं हुआ। विद्युत उपकेंद्र रानीपुर के जेई विजय शंकर ने सिकरीगंज थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
जेई ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि हरदत्तपुर पेट्रोल पंप के सामने डबल खंभे के सहारे ट्रांसफार्मर लगा है। शुक्रवार की सुबह लगभग पांच बजे एक ट्रक ने एक खंभे में ठोकर मार दी, जिससे वह क्षतिग्रस्त हो गया। इस कारण जंपर खोलकर विद्युत आपूर्ति रोकी गई थी। ठीक आधे घंटे बाद उसी खंभे में एक प्राइवेट बस ने ठोकर मार दी। जिससे दोनों खंभे टूटकर ट्रांसफार्मर सहित नीचे गिर गए। इस घटना से विद्युत निगम का एक लाख अड़तालीस हजार रुपये का नुकसान हुआ है। साथ ही चार गांवों की विद्युत आपूर्ति भी बाधित है। इस संबंध में थानाध्यक्ष सिकरीगंज मनीष कुमार यादव का कहना है कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।