गोरखपुर। कुसम्ही स्टेशन के पास ओएचई (ओवर हेड एक्विपमेंट) तार गिरने से रविवार को ट्रेनों का संचलन प्रभावित रहा। इससे दादर एक्सप्रेस करीब साढ़े चार घंटे से कुसम्ही में ही खड़ी रही। सूचना पर पहुंची इंजीनियरिंग और विद्युत विभाग की टीम ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद तार तो हटा दिया। लेकिन चार्ज न होने के चलते 10:30 तक संचलन शुरू नहीं हो सका।
रविवार सुबह साढ़े छह बजे गोरखपुर से मुंबई जाने वाली दादर एक्सप्रेस रवाना हुई। कुसम्ही में इंजन के पेंटोग्राफ से तार उलझने से टूट गया। करीब 600 मीटर तार उलझने से बिजली तो ट्रिप कर गई। लेकिन करीब 200 मीटर तक ट्रेन आगे बढ़ गई। तार पहियों में फंस गया। इसकी सूचना पर पहुंची टीम ने पहिए से तार को निकाला। फिर ओएचई वैन के जरिए तार को दुरुस्त कराया। इसके बाद करीब डेढ़ बजे तार दुरुस्त हो सके, जिसके बाद ट्रेन का संचालन शुरू किया। दादर के अलावा कृषक एक्सप्रेस और मालगाड़ी का संचालन प्रभावित रहा। संवाद