गोरखपुर क्षेत्र के सिधुआपार गांव के सामने हाईवे पर शनिवार को बाइक सवार दो युवकों को तेज रफ्तार ट्रेलर ने रौंद दिया। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरे को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के बाद चालक ट्रेलर लेकर फरार हो गया।
गगहा थाना क्षेत्र के रकहट गांव निवासी संदीप पांडेय (28) अपने दोस्त प्रवीण पांडेय के साथ बाइक से बड़हलगंज बाजार करने जा रहा था। सिधुआपार गांव के पास दोपहर 12:30 बजे बड़हलगंज से गोरखपुर की ओर तेज गति से जा रहे ट्रेलर ने उन्हें रौंद दिया। जिससे संदीप की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसा इतना भयावह था कि संदीप का सिर हेलमेट सहित शरीर से कटकर अलग हो गया। बाइक पर पीछे बैठा प्रवीण दूर जाकर गिर गया। जिससे वह भी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद कुछ देर के लिए आवागमन भी ठप हो गया। बाद में शव को हटाने व लोगों के जाने के बाद यातायात सामान्य हो गया।
जानकारी के अनुसार, संदीप गांव में जनरल मर्चेंट की दुकान खोला था। वह तीन भाईयों में दूसरे नंबर पर था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ट्रेलर को पकड़ने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।