इस दौरान कुशीनगर, देवरिया और बिहार की तरफ से आने वाले ट्रक, डीसीएम और बस, जिन्हें लखनऊ, कानपुर, दिल्ली या उससे आगे जाना है, उन्हें बाघागाड़ा के आगे से गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के रास्ते भेजा जाएगा।
हालांकि, गोरखपुर शहर से गीडा, सहजनवां, संतकबीरनगर और बस्ती जाने वाले भारी वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है। वहीं, गोरखपुर में राप्ती नदी के दोनों किनारों पर स्थित श्रीराम घाट और श्री गोरखनाथ घाट पर कार्तिक पूर्णिमा स्नान और मेले को देखते हुए 24 नवंबर की सुबह चार बजे से नो-एंट्री लागू रहेगी। इस दौरान ट्रक और डंपर का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
एसपी ट्रैफिक अमित श्रीवास्तव यातायात पुलिस के मुताबिक, आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों को प्रतिबंध से मुक्त रखा गया है। लोगों से अपील की गई है कि निर्धारित डायवर्जन का पालन करें।
कार्तिक पूर्णिमा पर अयोध्या और वाराणसी में स्नान के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए परिवहन निगम सोमवार से 20 अतिरिक्त बसों का संचालन शुरू करेगा। ये बसें 24 नवंबर तक चलेंगी। दोनों धार्मिक स्थलों के लिए 10-10 अतिरिक्त बसें लगाई गई हैं।
परिवहन निगम के अधिकारियों के अनुसार श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए बसों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। वर्तमान में गोरखपुर से अयोध्या के लिए 45 और वाराणसी के लिए 20 बसें चल रही हैं। अतिरिक्त बसों के संचालन से यात्रियों को आवागमन में राहत मिलेगी।
क्षेत्रीय प्रबंधक लवकुमार सिंह ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा पर यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त बसें लगाने के निर्देश दिए गए हैं। बसों का संचालन सुचारू रखने की व्यवस्था की गई है।