यातायात निदेशालय का टोल फ्री नंबर ठीक से काम कर रहा है या नहीं, इसकी जानकारी के लिए सोमवार की शाम 7.35 बजे काल किया गया। घंटी बजने के बाद ऑपरेटर ने फोन उठाया। उन्होंने पूछा कि आप कहां जाम में फंसे हुए हैं। नाम और स्थान पूछने के बाद ऑपरेटर ने कहा कि जाम कितने देर से हैं। यह सवाल आने के बाद, उनको बताया गया कि टेस्ट काल की जा रही है।
इसके बाद ऑपरेटर ने पूरी प्रक्रिया से अवगत कराया। ऑपरेटर ने कहा कि टोल फ्री नंबर 24 घंटे काम करता है। इस पर आने वाली काल से पूरी जानकारी लेकर तत्काल संबंधित जिले के थाना क्षेत्र की पुलिस को अवगत कराया जाता है। ताकि जाम की समस्या से राहत मिल सके।
एसपी ट्रैफिक डॉ. एमपी सिंह ने कहा कि गोरखपुर शहर में जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए पुलिस बल को तैनात किया गया है। यातायात निदेशालय ने हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। इसका प्रचार प्रसार कराया जाएगा ताकि आमजन यातायात संबंधी समस्याओं के बारे में बता सकें।