धनतेरस और दिवाली पर बाजार में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने तीन दिन के लिए डायवर्जन प्लान जारी किया है। छह, सात और आठ नवंबर को सुबह 10 बजे से रात 12 बजे तक शहर के प्रमुख बाजारों और उनसे जुड़े मार्गों पर यातायात प्रतिबंध लागू रहेगा।
इस दौरान गोलघर, घंटाघर, रेती, नखास समेत प्रमुख बाजारों की ओर जाने वाले कई रास्तों पर लोडर, ऑटो और ई-रिक्शा का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वहीं, खरीदारी के लिए आने वाले चार पहिया और दोपहिया वाहन चालकों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़ा करना होगा।
एसपी यातायात अमित श्रीवास्तव ने वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।
भारी वाहनों के लिए भी बदला मार्ग
डायवर्जन के दौरान रोडवेज बस, ऑयल टैंकर, गैस टैंकर, दूध वाहन और अन्य राजकीय वाहन विश्वविद्यालय चौराहा व मोहद्दीपुर चौराहा होते हुए चारफाटक ओवरब्रिज से कौवाबाग बाईपास, असुरन चौराहा, खजांची चौराहा और स्पोटर्स कॉलेज चौराहा होकर बरगदवा चौराहा पहुंचेंगे। यहां से वाहन फरेन्दा और सोनौली की ओर जाएंगे। वहीं, फरेन्दा और पीपीगंज से गोरखनाथ मंदिर की ओर आने वाले भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहन बरगदवा चौराहा से स्पोर्ट्स कॉलेज, खजांची चौराहा, असुरन चौराहा, कौवाबाग मार्ग और मोहद्दीपुर होते हुए देवरिया व कुशीनगर की ओर जाएंगे।
आठ स्थानों पर होगी पार्किंग
बाजारों में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों की सुविधा के लिए आठ स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इनमें मल्टीलेवल पार्किंग जलकल गोलघर, सिनेमा रोड पर युनाइटेड टॉकीज के सामने, कचहरी टाउनहाल मैदान, कचहरी क्लब पार्किंग, गोलघर में जालान कैंपस, सिटी मॉल के पास गोरखपुर हाट, राधा माधव के बगल की खाली जमीन और संबंधित मॉल व प्रतिष्ठानों की पार्किंग शामिल हैं। यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़ा करें, ताकि बाजारों में जाम की स्थिति न बने।
इन रास्तों पर लागू रहेगा डायवर्जन
- काली मंदिर से गोलघर की तरफ लोडर, ऑटो और ई-रिक्शा नहीं जा सकेंगे।
- कचहरी चौराहा से गणेश चौराहा और जीएम पोस्ट ऑफिस तिराहा से गणेश चौराहा की ओर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
- तमकुही तिराहा से कचहरी चौराहा की ओर ऑटो और ई-रिक्शा नहीं जा सकेंगे।
- शास्त्री चौराहा से कचहरी चौराहा की तरफ भी इन वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
- घोष कंपनी, रेती चौक और नखास चौराहा की ओर ऑटो व ई-रिक्शा नहीं जाएंगे।
- नार्मल टैक्सी स्टैंड से घंटाघर मार्ग और अलहदादपुर तिराहे से रायगंज की ओर तीन पहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
- दुर्गाबाड़ी चौराहा से चरनलाल चौराहा की और इन वाहनों का आवागमन नहीं होगा।
- सुमेर सागर तिराहा से विजय चौक और जटाशंकर तिराहा से अलीनगर की ओर ऑटो व ई रिक्शा नहीं जा सकेंगे।
- बर्फखाना तिराहा से बसंतपुर चौराहा, घंटाघर चौराहा और लालडिग्गी मार्ग पर तीन पहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
- मदीना मस्जिद तिराहे से शाहमारूफ की ओर ऑटो और ई-रिक्शा नहीं जा सकेंगे।
अयोध्या में दीपोत्सव को लेकर गोरखपुर में 42 घंटे तक रहेगा रूट डायवर्जन
अयोध्या में सात नवंबर को आयोजित दीपोत्सव कार्यक्रम के मद्देनजर गोरखपुर में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। छह नवंबर की रात 11 बजे से आठ नवंबर की रात आठ बजे तक अथवा भीड़ समाप्त होने तक भारी वाहनों (ट्रक, डीसीएम और बस) का डायवर्जन लागू रहेगा। यातायात व्यवस्था के तहत कुशीनगर, देवरिया और बिहार की ओर से आने वाले ऐसे भारी वाहन, जिन्हें लखनऊ, कानपुर, दिल्ली या उससे आगे जाना है, वे बाधागाड़ा के आगे गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के रास्ते अपने गंतव्य तक जाएंगे। हालांकि, गोरखपुर जनपद और शहर क्षेत्र से गीडा, सहजनवां, संतकबीरनगर और बस्ती जाने वाले भारी वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट रहेगी। ब्यूरो