कोतवाली खलीलाबाद के पास बन रहा शौचालय जो पड़ा है अधूरा । संवाद
संतकबीरनगर। स्वच्छ एवं सुंदर शहर का ख्वाब खलीलाबाद में टूटने लगा है। वजह यह है कि आबादी बढ़ने के साथ ही शहर के 15 स्थानों पर सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण कराया जाना है, लेकिन स्थिति यह है कि कहीं शौचालय अधूरा छोड़ दिया गया है तो कहीं निर्माण ही शुरू नहीं हो सका है। जिसके कारण शहर आने वाले लोगों को जरूरत पड़ने पर इधर-उधर भटकना पड़ता है।
जनपद का सृजन होने के बाद लगातार आबादी बढ़ रही है। इसके साथ ही अक्तूबर 2020 में 16 ग्राम पंचायतों को नगर पालिका परिषद खलीलाबाद में शामिल कर लिया गया था। इससे आबादी करीब एक लाख से ऊपर पहुंच गई है। प्रतिदिन रोजमर्रा की जरूरतों के लिए बड़ी संख्या में लोग शहर आते हैं। इसको ध्यान में रखकर नगर पालिका प्रशासन ने शहर के 15 स्थानों पर सार्वजनिक शौचालयों के निर्माण की योजना तैयार की। इस पर करीब चार करोड़ रुपये खर्च होने हैं।
जिन स्थानों पर सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण होना है, उनमें बड़गो मंदिर के पास, डीएम आवास के पास, सरौली पोखरे के पास, मोहद्दीनपुर, मड़या कान्हा गोशाला के पास, मिश्रौलिया में काली मंदिर के पास, सरैया नवीन मंडी, बनियाबारी प्राथमिक विद्यालय के पास, गौसपुर, आरटीओ कार्यालय के पास, डीघा डीह बाबा के निकट, बगहिया और कोतवाली के पास शामिल हैं।
इसमें कोतवाली के पास शौचालय का निर्माण आधा अधूरा छोड़ दिया गया है, जबकि बनियाबारी में अभी तक शौचालय का निर्माण शुरू ही नहीं हुआ है। इसके साथ ही अन्य कई स्थानों पर भी शौचालयों का निर्माण नहीं हो सका है। जिसके कारण जरूरमंदों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।