गोरखपुर। विरासत गलियारा के लिए तिवारी हाता की बाउंड्रीवॉल सड़क की तरफ लगभग 25 मीटर ही तोड़ी जाएगी। गेट से लेकर टिनशेड के बीच का हिस्सा तोड़ा जा रहा है। करीब 80 फीसदी हिस्सा टूट चुका है। काम कर रहे मजदूरों ने बताया कि पुरानी दीवार को हटाने के बाद नई बनी दीवार के प्लास्टर का काम शुरू होगा।
धर्मशाला पुल से जटाशंकर तिराहा होते हुए अलीनगर, घंटाघर के रास्ते पांडेय हाता पुलिस चौकी तक विरासत गलियारा का निर्माण हो रहा है। इस रास्ते पर धर्मशाला की तरफ से पुराना निर्माण तोड़ने के साथ ही सड़क के किनारे बनने वाले नाले व डक्ट का निर्माण शुरू हो चुका है। पहले यह सड़क 16.5 मीटर चौड़ी होनी थी, जिससे व्यापारियों व अन्य लोगों के पुराने घरों का बड़ा हिस्सा सड़क में जा रहा था।
व्यापारी व आम लोग मुख्यमंत्री से मिले तो इसके बाद सड़क की चौड़ाई 16.5 मीटर से घटाकर 12.5 मीटर कर दी गई। इसमें से सात मीटर चौड़ी सड़क होगी और शेष 5.5 मीटर में दोनों तरफ आरसीसी नाल व डक्ट बनाया जाएगा। डक्ट में ही इस रोड से गुजरने वाले बिजली के तार डाल जाएंगे।
सड़क चौड़ीकरण की जद में पूर्व मंत्री हरिशंकर तिवारी का हाता भी आ गया। इस वजह से पुरानी दीवार को तोड़ा जा रहा है। इससे पहले अंदर से करीब 25 मीटर लंबी और 20 फीट ऊंची चहारदीवारी का निर्माण कराया जा चुका है। पुरानी दीवार तोड़ने के बाद सड़क की तरफ से इसका प्लास्टर कराया जाएगा।