वंदे भारत ट्रेन पर फिर किसी ने पत्थर मार दिया है। इसके चलते सी टू कोच का शीशा चटक गया है। आशंका है कि स्टेशन के पश्चिम तरफ ओवरब्रिज के पास अराजक तत्वों ने पत्थर चला दिया, जिससे यह शीशा चटका है। लखनऊ से वापस आते समय रेलकर्मियों ने देखा तब मामला सामने आया। रेलवे सुरक्षा बल सीसीटीवी कैमरे से इसकी जांच में जुटा है। शनिवार को न्यू वाशिंग पिट में मरम्मत के दौरान शीशा बदला गया।
गोरखपुर से लखनऊ के बीच चल रही वंदे भारत ट्रेन का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उद्घाटन किया था। यह ट्रेन जब से इस रूट पर चल रही है, लगातार शीशे चटक रहे हैं। बीते 11 जुलाई को भी अयोध्या कैंट से आगे गोरखपुर से लखनऊ जा रही ट्रेन पर कुछ लोगों ने पत्थर चला दिया था। उस मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया था।
इसे भी पढ़ें: अब इलेक्ट्रिक बसों की बैटरी नहीं होगी डिस्चार्ज, कोनी में भी हो जाएंगी चार्ज
इसके बाद 17 जुलाई को लखनऊ से गोरखपुर आ रही ट्रेन पर डोमिनगढ़ के पास किसी ने पत्थर चला दिया था। पत्थर लगने से कोच ई वन का शीशा चटक गया था। लगातार हो रही घटनाओं ने वंदे भारत की सुरक्षा पर सवाल खड़ा कर दिया है। आरपीएफ के प्रभारी निरीक्षक दशरथ प्रसाद का कहना है कि मामले की जांच चल रही है। सीसीटीवी की मदद से पत्थरबाजों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।