गोरखपुर। राप्तीनगर उपखंड के विभिन्न विद्युत उपकेंद्रों पर तैनात तीन एसएसओ (स्विचिंग स्टेशन ऑपरेटर) ने वेतन में कटौती से नाराज होकर कार्य छोड़ दिया है। विभाग की ओर से हाल ही में टीजीटू (टेक्निकल लाइनमैन) को एसएसओ का कार्य सौंपा गया था। इसके बाद एसएसओ के सुपरविजन की जिम्मेदारी भी टीजीटू को दे दी गई। नई व्यवस्था लागू होने के बाद कार्यरत एसएसओ के वेतन में कटौती होने लगी, जिससे उनमें असंतोष बढ़ गया और तीन एसएसओ ने नौकरी छोड़ दी।
राप्तीनगर के अधिशासी अभियंता अभिषेक कुमार ने मामले को सामान्य बताते हुए कहा कि संबंधित एसएसओ सैनिक कल्याण विभाग के माध्यम से तैनात थे। उन्होंने बताया कि इस तरह की स्थिति पहले भी होती रही है। कई बार जब उन्हें कहीं और बेहतर कार्य मिल जाता है तो वे नौकरी छोड़ देते हैं, जबकि कुछ कर्मचारी एक-दो माह बाद वापस भी काम पर लौट आते हैं। उन्होंने कहा कि विभाग विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को प्रभावित नहीं होने देगा।