गोरखपुर जिले के रामगढ़ताल क्षेत्र में अब गाड़ियों की पार्किंग के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा, न ही बेतरतीब खड़ी होने वाली गाड़ियों से पर्यटकों, स्थानीय लोगों को दिक्कत होगी। गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) जल्द ही सर्किट हाउस से नया सवेरा के बीच 12296 वर्ग मीटर में तीन स्मार्ट पार्किंग विकसित करेगा। इसके लिए फर्म का चयन कर लिया गया है और दो महीने में काम पूरा करने की समयसीमा तय की गई है। ये पार्किंग महंत दग्विजयनाथ पार्क और वाटर स्पोर्ट्स कांप्लेक्स के सामने तथा सर्किट हाउस के पास बनेंगी।
वहीं जीडीए, दिग्विजयनाथ पार्क के पास स्थित तिकोने पार्क में हाट की तर्ज पर नॉन फूडिंग वेंडिंग जोन का भी निर्माण कराएगा। यहां कियोस्क बनाए जाएंगे, जहां कपड़ों, श्रंगार प्रसाधन, बच्चों के खिलौने, घर और किचन समेत रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की बिक्री हो सकेगी।
जीडीए के प्रभारी मुख्य अभियंता किशन सिंह के मुताबिक इन पार्किंग में 350 से अधिक गाड़ियां पार्क की जा सकेंगी। महंत दिग्विजयनाथ पार्क के सामने 5530 वर्ग मीटर, वॉटर स्पोर्ट्स कांप्लेक्स के सामने 2400 वर्ग मीटर और सर्किट हाउस के पास 4366 वर्ग मीटर की पार्किंग बनेगी। इसके निर्माण पर तीन से 3.50 करोड़ रुपये खर्च होंगे।