गोरखपुर के गीडा इलाके के खानिमपुर गांव में जमीन के विवाद में रविवार की सुबह गोलियों की तड़तड़ाहत से दहशत फैल गई। एक घर पर चढ़कर मनबढ़ों ने मारपीट और फायरिंग की। इस दौरान गोली लगने से यशवंत घायल हो गया तो वहीं उसकी मां गिरिजा देवी और पिता रामरक्षा मौर्या पिटाई से जख्मी हो गए।
भागते समय बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में गोलियां दागी और दहशत फैलाया। पुलिस ने घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। उधर, घटना की सूचना के बाद एसएसपी जोगेंद्र कुमार, एसपी नार्थ अरविंद पांडेय भी मौके पर पहुंचे थे। एसएसपी ने कड़ी कार्रवाई का आदेश दिया है।
जानकारी के मुताबिक, खानिमपुर में रामरक्षा मौर्या पुस्तैनी मकान से अलग एक मकान बनवाकर रहते हैं। इसी के बगल की जमीन को रामरूप सिंह अपना बताते है और कुछ जमीन पर विवाद है। आरोप है कि रविवार की सुबह पांच बजे के करीब रामरूप सिंह के छोटे बेटे पंकज सिंह की पत्नी खेत की ओर गई थी और रामरक्षा के रखे नींव के ईंट को उजाड़ दी।