महावीर छपरा। गोरखपुर-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग के क्योंन्हरा गांव के पास शनिवार शाम करीब छह बजे तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने सड़क किनारे खड़ी महिला को टक्कर मार दी और उसके बाद साइकिल सवार को भी घायल कर दिया। इस हादसे में सड़क किनारे खड़ी महिला और साइकिल सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना बेलीपार थाना क्षेत्र में हुई। हादसे के बाद कार चालक मौके से भागने का प्रयास करने लगे लेकिन आसपास मौजूद लोगों ने कार सवार चार युवकों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि कार सवार चारों युवक शराब के नशे में धुत थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, साइकिल सवार रंपत (पुत्र दौलत, क्योंन्हरा गांव) का पैर टूट गया और साइकिल चकनाचूर हो गई। वहीं, महावीर छपरा चौराहे से सब्जी लेकर घर जा रही कौशल्या (पत्नी स्व. अंगनू निषाद) को कार ने टक्कर मारने के बाद करीब 10 मीटर तक घसीट लिया। महिला के हाथ, पैर और सिर में गंभीर चोटें आई हैं। एक अन्य व्यक्ति भी गाड़ी की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हुआ। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।