देवरिया जिले के रुद्रपुर सीएचसी के लैब टेक्नीशिय (एलटी) समेत तीन लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। तीनों को कोविड-19 अस्पताल सेंट्रल एकेडमी में भर्ती कर दिया गया है। जिले में संक्रमितों की संख्या 152 पहुंच गई है। संपर्क में रहने वाले सभी स्वास्थ्य कर्मियों का सैंपल लिया जाएगा।
रुद्रपुर में कोरोना संदिग्धों के लिए सैंपल कलेक्शन सेंटर बनाया गया है। सीएचसी पर तैनात कस्बा के आदर्श चौराहा निवासी 42 वर्षीय एलटी की ड्यूटी लगी थी। जांच में इनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनका परिवार कस्बा के इमामबाड़ा चौराहा पर रहता है। इनके संपर्क में रहने वाले स्वास्थ्यकर्मी और परिवार के सदस्यों का भी सैंपल जांच के लिए भेजा जाएगा।
गौरीबाजार कस्बा के वार्ड संख्या 11 निवासी 24 वर्षीय युवक दिल्ली में अपने बहन के घर रहकर तैयारी करता था। 8 जून को अपने नगर के 22 वर्षीय युवक के साथ ट्रेन से गोरखपुर आया। वहां से बस से घर पहुंचा। 11 जून को दोनों युवकों की सैंपलिंग जिला अस्पताल में हुई। सैंपल लेने के बाद होम क्वारंटीन रहने की बात कह घर भेज दिया गया।
24 वर्षीय युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई, जबकि इसके साथ के युवक की रिपोर्ट अभी नहीं आई है। देसही देवरिया के ब्लॉक के रामपुर हीरामन गांव 26 वर्षीय युवक दिल्ली से 9 जून को ट्रेन से गोरखपुर आया। गोरखपुर से बस से देवरिया और देवरिया से टेंपो से घर गया।
दिल्ली में आटो गैराज में मैकेनिक का काम करता है। इस बाबत सीएमओ डॉ. आलोक पांडेय ने बताया कि 41 एक्टिव केस है, जिनका इलाज चल रहा है। 108 लोग ठीक हो गए हैं। संक्रमितों के संपर्क में रहने वालों को होम क्वारंटीन करने का निर्देश दिया गया है। रुद्रपुर के सभी स्वास्थ्य कर्मियों की जांच कराई जाएगी।