गोरखपुर। जिले में मंगलवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गए। कैंपियरगंज प्रतिनिधि के मुताबिक, थाना क्षेत्र के फरेंदा-धानी मार्ग पर छितही खुर्द पंचायत भवन के सामने रोड पर बाइक की ट्रक से टक्कर हो गई। हादसे में परसौनी निवासी गोलू (24) व मैकूलाल (30) घायल हो गए। दोनों को गंभीर हालत में धानी पीएचसी लाया गया, जहां डाॅक्टरों ने मैकूलाल को मृत घोषित कर दिया। गोलू को उनके परिजन सिद्धार्थनगर ले जाकर भर्ती कराए, जहां उसने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
झंगहा प्रतिनिधि के मुताबिक, गजाईकोल अमृत सरोवर के पास सड़क हादसे में महिला की मौत हो गई। उनकी पहचान देवरिया जिले के एकौना थाना क्षेत्र स्थित करकोल गांव निवासी कमला सिंह की 58 वर्षीय पत्नी भानमती देवी के रूप में हुई है।
भानमती मंगलवार को भतीजे उमाशंकर के साथ बाइक से झंगहा क्षेत्र के मोतीराम अड्डा में बेटी संगीता के बीमार बेटे से मुलाकात कर वापस घर जा रही थीं। शाम करीब 5:30 बजे वह गजाईकोल अमृत सरोवर के पास पहुंची थीं कि बाइक ट्रैक्टर-ट्राॅली की चपेट में आ गई। गंभीर चोट लगने के कारण मौके पर ही उनकी मौत हो गई। उमाशंकर सिंह बाल-बाल बच गए।