कुशीनगर में कोरोना से जूझ रहे तीन और मरीजों ने दम तोड़ दिया। इनमें एक मरीज की मौत बीआरडी मेडिकल कॉलेज और दो की मौत जिला अस्पताल में हुई। इन्हें लेकर कोरोना से मरने वालों की संख्या 41 हो गई है। शनिवार को 47 नए लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए।
सीएमओ डॉ. एनपी गुप्ता ने बताया कि शनिवार को 1767 नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई। इसमें 1720 निगेटिव और 47 पॉजिटिव केस हैं। पॉजिटिव मरीजों में फाजिलनगर क्षेत्र से पांच, कसया से आठ, पडरौना से एक, कप्तानगंज से तीन, मोतीचक से पांच, सुकरौली से एक, हाटा से छह, खड्डा से चार, नेबुआ नौरंगिया से छह, रामकोला से दो, कुबेरस्थान से एक, तमकुही से दो, सेवरही से दो और अन्य क्षेत्र से एक मरीज शामिल हैं।
इस तरह अब तक कराई गई 117651 लोगों की कोरोना जांच कराई गई। इनमें 4665 लोग पॉजिटिव मिल चुके हैं। सीएमओ ने बताया कि शनिवार को जांच में 45 मरीज स्वस्थ मिले, जिन्हें घर भेज दिया गया। अब तक 4232 मरीज स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं।
तीन मरीजों की इलाज के दौरान मौत हुई है। इनमें एक मरीज की मौत बीआरडी मेडिकल कॉलेज और दो की मौत जिला अस्पताल में हुई है। एहतियात के तौर पर जिला अस्पताल में सफाई और सैनीटाइजेशन कराया गया। जबकि 392 एक्टिव केस हैं। सीएमओ ने बताया कि शनिवार को जिले में संक्रमण दर 4.809 प्रतिशत, ठीक होने वाले मरीजों की दर 90.71 प्रतिशत और मृत्युदर 0.878 प्रतिशत रही।