हरपुर बुदहट। थाना क्षेत्र में मोबाइल गुम होने के बाद साइबर ठगों द्वारा बैंक खाते से 4,17,000 रुपये पार करने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने पुलिस को तहरीर देकर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मंगलवार को एफआईआर दर्ज कराई है।
थाना क्षेत्र के ग्राम जिगिना निवासी अभिषेक यादव ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि बीते 17 फरवरी की शाम करीब पांच बजे उनके पिता महेंद्र प्रताप यादव हरपुर बाजार में खरीदारी के दौरान अपना मोबाइल फोन कहीं गिरा बैठे। मोबाइल गुम होने के बाद उन्होंने तत्काल सीईआईआर पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करा दी थी। आरोप है कि 20 फरवरी 2026 को किसी अज्ञात साइबर अपराधी ने उनके पिता के बैंक खाते से 4,17,000 रुपये निकाल लिए। खाते से रकम निकलने की जानकारी मिलते ही परिजनों के होश उड़ गए। थाना प्रभारी विवेक मिश्रा ने बताया कि अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।