गगहा इलाके के बड़गो स्थित प्राचीन रामजानकी मंदिर से अष्टधातु की तीन मूर्तियां चोरी हो गईं। रविवार की सुबह चोरी की जानकारी होने पर पुजारी इंद्रनारायण तिवारी ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस पहुंची और जांच शुरू की। उधर गांव के लोगों ने पुजारी पर शक जताया। पुलिस ने पुजारी से भी पूछताछ की। देर शाम पुजारी की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
बड़गो स्थित रामजानकी मंदिर में बड़हलगंज के कोल्हुआ निवासी इंद्र नारायण पुजारी हैं। मंदिर में राम, सीता, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न की पांच अष्टधातु की मूर्तियां स्थापित थीं। शनिवार की रात पुजारी भोजन के बाद गर्भगृह के चैनल का ताला बंद कर मंदिर परिसर में सो गए। सुबह उठे तो देखा कि चैनल का ताला टूटा था। लक्ष्मण, सीता और शत्रुघ्न की मूर्तियां गायब थीं। उसके बाद पुजारी ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस पहुंची तो चैनल का ताला गायब था और गर्भगृह का ताला खुला हुआ था। पुलिस ने पुजारी से चाबी लेकर ताले को बंद किया तो वह आसानी से बंद हो गया।