कूटरचित दस्तावेज तैयार कर दूसरे की जमीन बेचकर 55 लाख रुपये हड़पने के तीन आरोपियों को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से कूटरचित दस्तावेज, फर्जी आधार कार्ड, श्रम कार्ड व मूल आधार कार्ड और बैंक पासबुक बरामद किया गया। आरोपियों को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेजा गया।
आरोपियों की पहचान चिलुआताल के मैनाभागर निवासी श्यामदेई, गीडा के नौसड़ निवासी रामसजीवन और गुलरिहा के जंगल भेलमपुर निवासी अमित कुमार गुप्ता के रूप में हुई। एसपी नार्थ मनोज अवस्थी ने बताया कि गोरखपुर के संतोष नारायण बरनवाल ने अपनी जमीन बेची थी। इस पर भू माफिया की नजर पड़ गई।
जालसाजों ने चिलुआताल क्षेत्र के मैनाभागर निवासी श्यामदेई पत्नी रामलौट को अनामिका पत्नी विजय सिंह निवासी खेसुआ बस्ती के नाम से एक आधार कार्ड, तहसीलदार सदर का कूटरचित दस्तावेज तैयार कर दूसरे की जमीन दिखाकर इंडियन बैंक बस्ती में फर्जी खाता खुलवाकर 54 लाख 65 हजार रुपये हड़प लिया गया।
इस मामले में पुलिस छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज उनकी तलाश कर रही थी। गुलरिहा थानेदार मनोज कुमार पांडेय की टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।