- त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए मतदाता सूची का हुआ प्रकाशन
- मतदान केंद्रों पर बीएलओ से मतदाता सूची लेकर देख सकते हैं नाम
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तहत ग्राम पंचायतों की मतदाता सूची का पुनरीक्षण कराकर प्रशासन ने नई मतदाता सूची का प्रकाशन करा दिया है। कुल मतदाताओं की संख्या 29.88 लाख हो गई है, 64,815 मतदाता बढ़े हैं। सभी मतदान केंद्रों पर 24 से 30 दिसंबर तक बीएलओ मतदाता सूची लेकर मौजूद रहेंगे, इस बीच मतदाता अपना नाम देख सकते हैं। साथ ही जिनका नाम छूट गया है या नए मतदाता बनने के लिए आवेदन भी कर सकते हैं।
एडीएम एफआर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विनीत सिंह ने बताया कि एक जनवरी, 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले एवं कतिपय कारणों से छूटे हुए पात्र व्यक्ति निर्वाचक नामावली में नाम सम्मिलित किए जाने के लिए दावा प्रपत्र-2, किसी प्रविष्टि के विवरण में कोई संशोधन हो तो प्रपत्र-3 अथवा सम्मिलित किसी नाम के संबंध में कोई आपत्ति हो तो प्रपत्र-4 भरकर 30 दिसंबर तक अपनी आपत्ति बीएलओ के पास दर्ज करा सकता है। जिस तथ्य पर आपत्ति की जाएगी उससे संबंधित साक्ष्य (दस्तावेज) भी मतदाता को उपलब्ध करवाना होगा। अगर आपत्ति सही पाई जाती है तो सुधार किया जाएगा अन्यथा सूची में कोई बदलाव नहीं होगा। उन्होंने बताया कि प्रत्येक आपत्ति को निस्तारित करने के बाद छह फरवरी को अंतिम सूची जारी की जाएगी। इसके बाद सूची में कोई फेरबदल नहीं किया जाएगा।