‘ताल नदौर’’ में ₹393 करोड़ की लागत से बन रहे इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम का भूमिपूजन एवं शिलान्य
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनकी सरकार ने प्रदेश को माफियामुक्त, गुंडामुक्त, दंगामुक्त और कर्फ्यूमुक्त बनाया है। इससे प्रदेश विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। जब विकास होता है तो रोजगार का सृजन स्वतः स्फूर्त भाव से होता है। मुख्यमंत्री ने लोगों को आगाह किया कि जो लोग जाति, भाषा, क्षेत्र के नाम पर बांटते है, वे आपके हितैषी नहीं हो सकते। जब भी उनके पास सत्ता आई तो वे गुंडागर्दी अराजकता, अव्यवस्था करते रहे। उन्होंने सत्ता का दुरुपयोग अपने परिवार के लिए किया। जनता के हित के लिए कभी नहीं किया।
सीएम योगी शनिवार को केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी की मौजूदगी में गोरखपुर के ताल नदोर में करीब 393 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का भूमि पूजन और शिलान्यास करने के बाद उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज से पांच वर्ष पहले यह क्षेत्र बंजर पड़ा था। यह क्षेत्र उपेक्षित था, जिसकी मर्जी होती, वह जमीन कब्जा कर लेता था। अब यहां की जमीन कब्जामुक्त है।
सीएम ने कहा कि सरकार के पास भूमि होगी तो उसका उपयोग लोक कल्याण के लिए होगा। अगर सरकार की भूमि पर कोई कब्जा करेगा तो वह व्यक्ति विशेष अपने तरीके से दुरुपयोग करेगा, इसलिए सरकारी भूमि का उपयोग लोक कल्याण कार्य और विकास की परियोजना की दृष्टि से होना चाहिए। उन्होंने कहा कि इसी सोच से ताल नदोर में पशु चिकित्सा महाविद्यालय की स्थापना भी की जा रही है।