गोरखपुर। तारामंडल क्षेत्र की सिद्धार्थ एनक्लेव कॉलोनी में बुधवार देर रात चोरों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। घर में घुसने के बाद पूरे परिवार को कमरे में बाहर से बंद कर दिया और आलमारी में रखे करीब 20 लाख रुपये कीमत के गहने व अन्य सामान लेकर भाग गए। घटना की जानकारी सुबह होने पर परिवार के होश उड़ गए। रामगढ़ताल थाना पुलिस और फाॅरेंसिक मामले की जांच कर रही है।
सिद्धार्थ एनक्लेव कॉलोनी निवासी रत्नेश पांडेय निजी स्कूल में अकाउंटेंट हैं। बुधवार रात वह अपनी पत्नी, मां और बेटी के साथ एक कमरे में सो रहे थे। रात करीब दो बजे चोर घर में दाखिल हुए और उस कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया। इसके बाद चोरों ने घर में रखी आलमारी खंगाल डाली।
पीड़ित परिवार के अनुसार, चोर रत्नेश पांडेय की पत्नी और उनके छोटे भाई त्रिपुरेश की पत्नी के करीब 20 लाख रुपये से अधिक कीमत के गहने उठा ले गए। सुबह करीब छह बजे जब परिवार के लोगों ने दरवाजा खोलने की कोशिश की तो वह बाहर से बंद मिला। इसके बाद रत्नेश ने पड़ोसियों को फोन कर बुलाया। पड़ोसियों ने दरवाजा खोला तो घर का सामान बिखरा पड़ा था और आलमारी खुली मिली।
घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ताल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। वहीं फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। थाना प्रभारी अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे की मदद से चोरों की तलाश की जा रही है।