चौरीचौरा इलाके में तीन घरों से नकदी, जेवर लेकर चोर फरार
गोरखपुर/चौरीचौरा। सोनबरसा चौकी अंतर्गत रामपुर बुजुर्ग और नरायनपुर गांव के तीन घरों से रविवार रात चो,र लाखों रुपये के जेवर, नकदी और कीमती सामान लेकर चंपत हो गए। घटना की तहरीर चौरीचौरा पुलिस को दी गई है। फोरेंसिक टीम की मदद से पुलिस मौके से सुराग तलाश कर चोरों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, रविवार रात रामपुर बुजुर्ग निवासी रामजीत चौरसिया परिवार के साथ नवनिर्मित मकान में सोए थे। घर का मुख्य गेट बंद था, लेकिन अंदर के कमरों में दरवाजा नहीं लगा है। रामजीत के मुताबिक, रात लगभग बारह बजे घर में कुछ गिरने की आवाज सुनाई दी तो वह जग गए। घर के अंदर जाकर देखा तो बॉक्स, सूटकेस और बैग के ताले टूटे थे और सारा सामान बिखरा पड़ा था। सीढ़ियों की तरफ गए तो जागने की आहट पाकर चोर सामान के साथ बगल के निर्माणाधीन मकान से होते हुए फरार हो गए। रामजीत ने बताया कि लगभग पचास हजार के जेवर और 40 हजार रुपये नकद चोरी हुए हैं।
इसी गांव के नरायनपुर टोले पर उसी रात राम प्यारे यादव और बसंत प्रसाद के घर में भी चोरों ने हाथ साफ किया। राम प्यारे यादव पशुओं के बांधने के स्थान के पास सोये थे, जबकि उनकी बेटी और पत्नी घर के बरामदे से लगे कमरे में सोई थीं, जिसका दरवाजा गर्मी के कारण खुला था। घर के मुख्य दरवाजे पर ताला लगा था, चाभी रामप्यारे यादव की पत्नी तकिये के नीचे रखकर सोई थीं।
चोरों ने तकिये के नीचे से चाभी निकाल कर मुख्य दरवाजे को खोला और अंदर बॉक्स और दो आलमारियों में रखे लगभग 60 हजार के जेवर और 50 हजार नगद, एटीएम कार्ड और एक मोबाइल फोन चुरा ले गए। रात दो बजे जब रामप्यारे यादव की लड़की की नींद खुली तो उसने देखा कि मेन दरवाजा खुला है और अंदर सारे सामान बिखरे हैं। जेवर और रुपये गायब हैं। चोरों ने रामप्यारे के बेटे के कमरे को बाहर से बंद कर दिया था। उन्होंने रात को ही घटना की सूचना चौकी पुलिस को दी। वहीं बसंत प्रसाद का मकान भी जल्द ही बना है। उनके घर के मुख्य दरवाजे पर पर्दा लगा था। पर्दे को हटाकर चोर अंदर गए और कमरे का ताला तोड़कर कमरे में घुसे। कमरे में रखी आलमारी और बॉक्स को तोड़कर 25 हजार के जेवर और एक हजार रुपये चुरा लिए।