- कैंट थाना क्षेत्र के कुनराघाट में रविवार देर रात की वारदात, पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। कैंट थाना क्षेत्र के कुनराघाट में रविवार देर रात ट्रक में बैठकर तेज रफ्तार चलाकर घूम रहे छह युवकों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह मस्ती करने निकले थे। पुलिस ने सभी के खिलाफ तेज रफ्तार में गाड़ी चलाने की धारा में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
उनकी पहचान पिपराइच थाना क्षेत्र के भटहट निवासी रंजीत पासवान, कैंपियरगंज इलाके के बसंतपुर निवासी सुहेल अहमद, गोरखनाथ थाना क्षेत्र के विजयनगर सिंधी कॉलोनी निवासी दीपक कुमार, चिलुआताल के मिर्जापुर निवासी बलराम निषाद, गुलरिहा के काजीपुर निवासी प्रमोद और चिलुआताल के मिर्जापुर निवासी सचिन निषाद के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार, शनिवार देर रात करीब 12:15 बजे प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह व उनकी टीम मोहद्दीपुर चौराहे पर चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान विश्वविद्यालय चौराहे की ओर से तेज प्रेशर हॉर्न बजाते हुए एक ट्रक अत्यधिक रफ्तार में आया। पुलिस ने रोकने की कोशिश की लेकिन चालक ने तेज गति से ट्रक चलाते हुए आम जनता व पुलिस की जान जोखिम में डालकर कुनराघाट की ओर भागने लगा। सूचना कंट्रोल रूम के जरिये आरकेबीके शोरूम के पास लगे पिकेट को दी गई, जहां बैरिकेडिंग लगाकर ट्रक को रोकने की कोशिश की गई। इस पर चालक ने बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की लेकिन ट्रक का टायर फंस जाने से वाहन रुक गया। इसके बाद चालक व उसके पांच साथी ट्रक से कूदकर भागने लगे। पीछा करने पर रामगढ़ताल किनारे पत्थर से टकराकर गिर पड़े। इस पर पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
इस संबंध में थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि सभी नशे में प्रतीत हो रहे थे और उन्होंने स्वीकार किया कि वे मौज-मस्ती के लिए निकल थे। तलाशी में सात मोबाइल फोन बरामद हुए। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर छह आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर परिजनों को सूचना दी।