सोमवार को सुबह पड़ा कोहरा फिराक चौराहे से छात्रसंघ भवन रोड़ की फोटो।अमर उजाला
- मौसम विभाग ने 23 व 24 को कोहरे में कमी और तापमान में वृद्धि का जताया अनुमान
- 25 दिसंबर से अत्यंत घने कोहरे को लेकर जारी किया ऑरेंज अलर्ट
- सोमवार को न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस गिरकर 8.2 पर पहुंचा, अधिकतम तापमान 16.6 रहा
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। कंपकंपाती ठंड से जूझ रहे लोगों को फौरी तौर पर राहत मिली सकती है। मंगलवार और बुधवार को कोहरे में कमी दर्ज की जा सकती है, जबकि इस दौरान तापमान में भी वृद्धि हो सकती है। हालांकि उसके बाद मौसम फिर खराब होगा।
मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार को अधिकतम तापमान 16.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 6.4 डिग्री कम रहा। इसी तरह न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री रहा, जो औसत से 1.3 डिग्री कम रहा। सोमवार को दोपहर करीब 12 बजे के बाद सूर्यदेव ने दर्शन दिए। हालांकि वायुमंडल में कोहरे के कारण इसकी आंच नाम मात्र की रही।
मौसम विभाग के वैज्ञानिक सहायक टीबी सिंह ने बताया कि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 23 और 24 दिसंबर के लिए येलो अलर्ट (सचेत रहें) जारी किया गया है। इस दौरान कहीं-कहीं घना कोहरा हो सकता है। 25 से 28 दिसंबर तक के लिए फिलहाल ऑरेंज अलर्ट (तैयार रहें) जारी किया गया है। इस दौरान कहीं-कहीं अत्यधिक घने कोहरे की आशंका है।