जिला अस्पताल में मरीज देखते चिकित्सक-संवाद
संतकबीरनगर। जिला अस्पताल में इस समय वायरल व फंगल के सबसे अधिक मरीज आ रहे है। 1400 मरीजों की ओपीडी में करीब 200 मरीज वायरल और फंगल इंफेक्शन के मरीज इलाज करा रहे है। चिकित्सकों के मुताबिक बदलते मौसम में असंतुलित खानपान इन रोगों के प्रमुख कारण है। चिकित्सक इलाज के साथ ही बचाव के तरीके बता रहे हैं।
जिला अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. एपी मिश्र ने बताया कि इन दिनों वायरल संक्रमण, बुखार, फंगल इंफेक्शन, उल्टी-दस्त के मामले सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि बदलते मौसम, बीच-बीच में बरसात और असंतुलित खानपान इन रोगों के प्रमुख कारण हैं। इसके अलावा, लोगों में साफ-सफाई और स्वच्छ पानी का अभाव भी स्थिति को बिगाड़ रहा है।
शहर के बरईटोला निवासी श्याम बिहारी ने बताया कि बेटे के इलाज के लिए सुबह जल्दी आ गया। फिर भी अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। साथ ही बताया कि बच्चों को लेकर आना बहुत मुश्किल हो गया है। वायरल बुखार से पीड़ित आशीष ने बताया कि हफ्ते भर से बुखार आ रहा है। कई जगह से इलाज कराया लेकिन अभी तक आराम नहीं मिला।
जिला अस्पताल में इलाज कराने आए हैं। वहीं राम सुमेर ने बताया कि उल्टी-दस्त से परेशान हूं। अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि बुखार से बचाव के लिए लोग सफाई करें और सादा भोजन करें। परेशानी होने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें।
बचाव के उपाय
- फ्रिज में रखी ठंडी चीजें, आइसक्रीम और कोल्ड ड्रिंक से परहेज करें।
- बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए।
- मच्छरों से बचाव के लिए घरों के आसपास पानी न रुकने दें।