परीक्षा के बाद डीडीयू गेट पर लगा लंबा जाम
गोरखपुर। अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल यूनिवर्सिटी की ओर से आयोजित कॉमन नर्सिंग एंट्रेंस टेस्ट (सीनेट) शनिवार को जिले के 31 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ। परीक्षा के लिए जिले में 15,500 अभ्यर्थियों का पंजीकरण था, जिनमें से लगभग 80 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा में प्रतिभाग किया। परीक्षा को लेकर प्रशासन और विश्वविद्यालय स्तर पर व्यापक तैयारियां की गई थीं।
परीक्षा समन्वयक डॉ. अंबरीश श्रीवास्तव ने बताया कि मेडिकल यूनिवर्सिटी की ओर से दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय को जिले का नोडल केंद्र बनाया गया था। विश्वविद्यालय परिसर में पांच परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए थे, जबकि 26 केंद्र शहर के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में बनाए गए थे। सभी केंद्रों पर परीक्षा बिना किसी व्यवधान के संपन्न हुई और कहीं से भी किसी प्रकार की शिकायत प्राप्त नहीं हुई।
उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों को कड़ी जांच और सुरक्षा मानकों का पालन कराने के बाद ही परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया गया। परीक्षा सुबह 11 बजे शुरू हुई और दोपहर 1:20 बजे समाप्त हुई। परीक्षा समाप्त होने के बाद केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों और अभिभावकों की भारी भीड़ देखने को मिली।
हालांकि परीक्षा शांतिपूर्ण रही लेकिन इसके समाप्त होते ही दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर यातायात व्यवस्था चरमरा गई। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के एक साथ बाहर निकलने और उन्हें लेने पहुंचे अभिभावकों के कारण विश्वविद्यालय गेट एवं आसपास की सड़कों पर लंबा जाम लग गया। दोपहिया और चारपहिया वाहन काफी देर तक रेंगते रहे, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर यातायात पुलिस मौके पर पहुंची और व्यवस्था संभालते हुए धीरे-धीरे जाम को समाप्त कराया। इसके बाद क्षेत्र में यातायात सामान्य हो सका।