भगवानपुर। पीपीगंज थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 17 अटलनगर में चोरों ने बंद पड़े मकान में घुसकर जेवरात और सामान चुरा लिए। करीब दो महीने बाद घर लौटे मकान मालिक को घटना की जानकारी हुई। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अटलनगर निवासी दीपक कुमार परिवार के साथ पिछले दो माह से गोरखपुर में रह रहे थे। इस दौरान उनका मकान बंद था। घर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि पानी का मोटर, भरा हुआ गैस सिलेंडर समेत अन्य सामान गायब हैं। कमरे में रखे बक्से का ताला भी टूटा मिला। दीपक कुमार के अनुसार, बक्से में रखा सोने का लॉकेट, दो जोड़ी बालियां, एक नथिया तथा दो जोड़ी चांदी की पायल चोरी हो गई है। सीओ कैंपियरगंज ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर पीपीगंज पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले की जांच एसआई आदित्य सिंह को सौंपी गई है।