गुलरिहा (गोरखपुर)। घर में घुसकर नकदी व गहने चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेजा गया। क्षेत्र खुटहन खास टोला किसान चौराहा राइस मील निवासिनी रीता देवी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि इलाके के जंगल डुमरी नंबर एक भंडारो टोला निवासी राहुल निषाद का ननिहाल उनके गांव में है। बृहस्पतिवार की रात एक बजे सभी घरवाले छत पर सो रहे थे,उसी समय राहुल घर घुसा और सोने जेवर और 20 हजार नगद चुरा लिया। इसकी जानकारी आरोपित की मां को हुई तो वह केस नहीं करने का दबाव बनाने लगी। बाद में पीड़िता की तहरीर पर गुलरिहा पुलिस ने केस दर्ज किया। रविवार को आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस ने चोरी की पावजेब, 11 हजार नगद बरामद कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ गुलरिहा थाने में इससे पहले तीन आपराधिक मामलों लूट,नकबजनी,चोरी एवं अवैध असलहा रखने का केस दर्ज है। ब्यूरो