सहजनवां। क्षेत्र के तिलौरा गांव में रहने वाले अधिवक्ता उपेंद्र धर दुबे के बंद मकान में चोरों ने नकदी समेत कई घरेलू सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना उस समय हुई जब परिवार एक सप्ताह से गांव नहीं आया था।
विज्ञापन
अधिवक्ता उपेंद्र धर दुबे ने पुलिस को बताया कि वह गोरखपुर में रहकर वकालत करते हैं। परिजनों का गांव आना-जाना लगा रहता है। लेकिन 6–7 दिसंबर को दवा के लिए लखनऊ जाने के कारण पूरा परिवार तिलौरा स्थित घर पर नहीं जा सका। मंगलवार को पड़ोसियों ने फोन कर सूचना दी कि उनके मकान का दरवाजा खुला हुआ है। सूचना मिलने के बाद कचहरी के कार्य में व्यस्त होने के कारण उन्होंने अपने माता-पिता को घर भेजा। मौके पर पहुंचकर परिजनों ने देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। घर में घुसे चोर गैस चूल्हा, सिलेंडर, अन्य बर्तन और आलमारी का ताला तोड़कर पांच हजार रुपये नकद, चांदी की पायल, बिछुआ समेत कई सामान चोरी कर ले गए। थानाप्रभारी महेश चौबे ने बताया कि अधिवक्ता की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।