कैंट में हत्या की कोशिश के आरोपी गिरफ्तार। स्रोत : पुलिस
- पैडलेगंज चौकी के पास आरोपियों ने रॉड से हमला कर युवक का फोड़ दिया था सिर
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। कैंट थाना क्षेत्र के पैडलेगंज चौकी के पास युवक रितेश सिंह पर हमला करने के मामले में पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने युवती और उसके उसके एक सहयोगी को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद शाम को कोर्ट में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चितहरी भड़कछा निवासी विशाखा पांडेय उर्फ दुर्गा और खजनी थाना क्षेत्र के उनौला गांव निवासी मुकुल उर्फ सूर्यभान सिंह के रूप में हुई है। मामला 28 सितंबर की शाम का है, जब पैडलेगंज पुलिस चौकी के ठीक सामने युवक पर सरेआम हमला किया गया था। इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया था।
पीड़ित कैंट इलाके के पड़हा टोला निवासी रितेश सिंह ने पुलिस को बताया था कि वह नौकायन क्षेत्र की ओर गया था और लौटते समय पैडलेगंज चौकी के पास पहुंचा ही था कि एक कार ने रास्ता रोक लिया। इसके बाद बेवजह कार सवार बेवजह विवाद करने लगे। विरोध पर विशाखा पांडेय ने चार-पांच साथियों के रॉड और डंडों से हमला कर दिया। सिर पर रॉड लगने से रितेश गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही गिर पड़ा। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन तब तक सभी आरोपी भाग चुके थे। घायल युवक को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज कराया गया। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई थी, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच तेज की।
कैंट प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपी महिला और उसके एक साथी को गिरफ्तार कर जेल भिजवा दिया गया है। अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। जल्द ही उनकी गिरफ्तारी भी की जाएगी।