गगहा (गोरखपुर)। गगहा थाना क्षेत्र के रावतपार में बृहस्पतिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक की निर्वस्त्र लाश गांव में एक मकान के टायलेट की छत पर मिली। युवक के हाथ में कंडोम का पैकेट मिला, जबकि उसके कपड़े पास के में पेड़ पर टंगे पाए गए। युवक बहन की शादी में बैंकाक से गांव आया था। उसके शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस आशनाई में हत्या के एंगल पर जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, युवक की पहचान रावतपार निवासी उदय चंद यादव के बेटे ऋषभ यादव उर्फ बब्बी यादव (25) के रूप में हुई। बृहस्पतिवार की सुबह उसका शव गांव में गोरखपुर-वाराणसी हाईवे किनारे स्थित आटा चक्की के पीछे टायलेट की छत पर मिला। आटा चक्की मालिक राजेंद्र यादव के बेटे रामप्रताप यादव उर्फ साहब ने सबसे पहले शव को देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची गगहा पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस को घटनास्थल से मिले सुरागों के आधार पर यह भी आशंका है कि घटना में किसी करीबी का हाथ हो सकता है। हालांकि, अभी तक किसी के खिलाफ तहरीर नहीं दी गई है।
परिजनों के मुताबिक, ऋषभ यादव बैंकाक में रहकर काम करता था। वह भाई युवराज और दो बहनों पूजा व अर्चना में सबसे बड़ा था। बीते 19 फरवरी को उसकी छोटी बहन अर्चना की शादी थी, जिसके लिए वह विदेश से घर आया था। शादी के करीब दस दिन बाद उसके पिता बैंकाक लौट गए, जबकि ऋषभ गांव में ही रुक गया था।
ऋषभ की शादी वर्ष 2019 में डडवापार निवासी चांदनी से हुई थी। उसके दो बच्चे अनवीर (6) और आश्विक (3) हैं। घटना के बाद पुलिस ने शव को मौके से पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया, लेकिन परिजनों और रिश्तेदारों ने अंतिम बार चेहरा देखने की इच्छा जताई। तब शव को रास्ते से वापस लाया गया। बाद में आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज
युवक के शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि या तो युवक को किसी जहरीले पदार्थ के जरिये मौत के घाट उतारा गया या फिर उसने स्वयं जहर खा लिया हो। घटनास्थल की परिस्थितियां आशनाई में वारदात की ओर भी इशारा कर रही हैं।
बोले एसएसपी
इस संबंध में एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है।