- एम्स थानाक्षेत्र के विशुनपुर खुर्द गांव की घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
सरदारनगर। एम्स थानाक्षेत्र के विशुनपुर खुर्द गांव में बृहस्पतिवार अपराह्न हरिप्रकाश यादव (22) का शव गांव के बाहर पेड़ से लटकता मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। परिजन मामले में कुछ नहीं बता पा रहे हैं।
पिता रामकिशुन ने बताया कि उनका बेटा हरिप्रकाश यादव बृहस्पतिवार सुबह घर से बाहर निकला था। इसके बाद से नहीं लौटा। अपराह्न तीन बजे उसकी मां उसे खोजते हुए गांव के बाहर प्राथमिक विद्यालय के पीछे आम के बगीचे में पहुंचीं, जहां हरिप्रकाश का शव गमछे के सहारे पेड़ से लटका हुआ दिखाई दिया। शोर मचाने पर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना के बाद एम्स थानाध्यक्ष संजय मिश्रा तथा सोनबरसा चौकी इंचार्ज विवेक अवस्थी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम और फील्ड यूनिट को बुलाकर घटनास्थल की बारीकी से जांच कराई।
थानाप्रभारी के अनुसार, मृतक अविवाहित था और दो भाइयों तथा तीन बहनों में सबसे छोटा था। वह पेंट-पॉलिश का काम करके परिवार का सहयोग करता था। थानाध्यक्ष संजय मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। फॉरेंसिक टीम और फील्ड यूनिट ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए हैं।