- कैंपियरगंज थाना क्षेत्र में जमीन के विवाद में समाधान न होने से महिला ने की थी आत्मदाह की कोशिश
संवाद न्यूज एजेंसी
कैंपियरगंज। संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान जमीन के विवाद को लेकर आत्मदाह की कोशिश करने वाली महिला ने जांच पर सवाल उठाए हैं। शनिवार को घटना के बाद एसडीएम सिद्धार्थ पाठक ने नायब तहसीलदार हंसराज के नेतृत्व में जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए थे। पीड़िता का आरोप है कि जांच केवल औपचारिकता बनकर रह गई। समस्या जस की तस बनी हुई है।
रामनगर केवटलिया गांव निवासी गुजराती ने बताया कि उनके पति प्रदेश से बाहर निजी नौकरी करते हैं। उनके नाम अभिलेखों में कुल 300 एअर (लगभग 75 डिसमिल) भूमि दर्ज है, जबकि मौके पर मात्र 60 डिसमिल भूमि ही उपलब्ध है। उनका आरोप है कि शेष भूमि पर बगल के काश्तकार ने कब्जा कर लिया है। मामले को लेकर वह कई बार तहसील और थाने का चक्कर लगा चुकी हैं लेकिन अब तक उन्हें उनका पूरा रकबा नहीं मिल सका।
पीड़िता का कहना है कि नायब तहसीलदार की ओर से केवल सड़क की चौड़ाई की पैमाइश की गई। संपूर्ण भूमि की माप नहीं कराई गई।नायब तहसीलदार हंसराज ने बताया कि पैमाइश राजस्व नक्शे के अनुसार की गई है। उनके अनुसार यदि पीड़िता इंतखाब के अनुसार भूमि चाहती हैं तो पहले नक्शा दुरुस्त कराना होगा।