- पीड़ित की मां ने एडीजी गोरखपुर जोन से लगाई न्याय की गुहार
- ई-रिक्शा सीज कर फर्जी चालान करने का भी लगाया आरोप
चौरीचौरा। स्थानीय थाने के थानेदार पर एक ई-रिक्शा चालक को गाली देने, बेरहमी से पीटने और जबरन थाने ले जाकर लॉकअप में बंद करने का आरोप लगा है। पीड़ित की मां ने पुलिस अधिकारी पर जातिसूचक अपशब्दों का इस्तेमाल करने और ई-रिक्शा सीज कर फर्जी निरोधात्मक कार्रवाई करने का भी आरोप लगाया है। मामले में पीड़ित की मां रीता देवी ने एडीजी जोन को शिकायती पत्र देकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
नगर पंचायत चौरीचौरा के वार्ड नंबर नौ, चंद्रशेखर आजाद नगर निवासी रीता देवी के मुताबिक, उनका बेटा अमन भारती ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता है। तीन नवंबर को वह अपना ई-रिक्शा लेकर निकला था। दोपहर करीब दो बजे नई बाजार रोड मोड़ पर अपनी सही साइड में खड़ा होकर सवारी का इंतजार कर रहा था। आरोप है कि इसी दौरान नई बाजार की तरफ से आ रहे चौरी चौरा थानेदार वेद प्रकाश शर्मा ने उसे अपनी गाड़ी के पास बुलाया।
रीता देवी का आरोप है कि थानेदार ने उनके बेटे को जातिसूचक गालियां और धमकी देते हुए जबरन पुलिस की गाड़ी में बैठा लिया। इस दौरान उसका मोबाइल भी छीन लिया गया। आरोप है कि रास्ते में और थाने पहुंचने के बाद भी अमन की पिटाई की गई। उसे लॉकअप में बंद कर दिया गया। वहीं, उसका ई-रिक्शा भी खिंचवाकर सीज कर दिया गया और निरोधात्मक कार्रवाई के तहत चालान कर दिया गया।
मां का दावा है कि पिटाई में अमन को काफी चोटें आई हैं। उन्होंने एडीजी से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, आरोप सही पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई करने और सीज किए गए ई-रिक्शा को मुक्त कराने की मांग की है। थानेदार वेद प्रकाश शर्मा ने कहा कि ई-रिक्शा को चालक सड़क पर खड़ा कर सवारी भर रहा था। इससे जाम लग गया। एक राहगीर ने इसका विरोध किया तो ई-रिक्शा चालक ने उसकी पिटाई कर दी। इस कारण चालक को थाने लाकर आवश्यक कार्रवाई की गई। पिटाई का आरोप निराधार है।
वहीं इस संबंध में एसपी नार्थ राजेश घुनावत का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।