डीडीयू के प्रो. अजय शुक्ल की प्रतियोगी पुस्तक का विमोचन करतीं कुलपति प्रो. पूनम टंडन।
गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में 'लिटरेचर इन इंग्लिश' पुस्तक का विमोचन बुधवार को कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने किया। यह पुस्तक अंग्रेजी विभाग के प्रो. अजय कुमार शुक्ल एवं शोधार्थी विष्णु मिश्र ने लिखी है।
यह पुस्तक अंग्रेजी साहित्य के उन विद्यार्थियों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है, जो यूजीसी नेट, शोध प्रवेश परीक्षा, सहायक आचार्य परीक्षा व समकक्ष परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। पुस्तक में अंग्रेजी साहित्य के सभी प्रमुख आयामों के साथ-साथ अन्य साहित्यिक धाराओं को भी समाहित किया गया है।
इस अवसर पर कुलपति ने कहा कि एक शिक्षक का दायित्व केवल ज्ञान का संप्रेषण करना नहीं बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अधिकतम उपयोगी मार्गदर्शन प्रदान करना भी है। इस परिप्रेक्ष्य में यह पुस्तक अत्यंत सार्थक, दूरदर्शी एवं प्रशंसनीय पहल है। प्रो. अजय शुक्ल ने बताया कि विषय-वस्तु को सरल, सुव्यवस्थित एवं परीक्षा उन्मुख रूप में प्रस्तुत किया गया है।