गोरखपुर। अब दादर से गोरखपुर के बीच चलने वाली 01027/01028 दादर-गोरखपुर-दादर एक्सप्रेस नियमित एक्सप्रेस ट्रेन के रूप में चलेगी। इस ट्रेन को अब नए नंबर 11047/11048 से चलाया जाएगा। रेल मंत्रालय ने ट्रेन को नियमित करने की स्वीकृति दे दी है। स्पेशल की जगह नियमित एक्सप्रेस ट्रेन बनकर चलने से 30 फीसदी किराया भी कम हो जाएगा। इस संबंध में रेल मंत्री का पत्र मिलने के बाद सांसद रवि किशन ने आभार जताया है।
दादर-गोरखपुर स्पेशल ट्रेन ललितपुर, खजुराहो, बांदा, प्रयागराज, वाराणसी, मऊ होकर गोरखपुर के लिए चलती है। इस ट्रेन को नियमित करने की मांग चल रही थी। सांसद रवि किशन ने भी इसके लिए रेल मंत्रालय स्तर पर पहल की थी। सांसद ने बताया कि केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आधिकारिक पत्र में इसकी पुष्टि की है।
रेल मंत्री की ओर से भी स्पष्ट किया गया है कि यह निर्णय जनहित में लिया गया है और इसका उद्देश्य यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी एवं सुविधाएं उपलब्ध कराना है। रेल मंत्रालय से स्वीकृति मिलने के बाद ट्रेन को नियमित एक्सप्रेस के रूप में नए नंबर से चलाने की तैयारी शुरू हो गई है। यह ट्रेन पूर्व की तरह ही सप्ताह में चार दिन चलेगी।