- आधे घंटे तक रेंगते रहे माेहद्दीपुर से विश्वविद्यालय चौराहा आने वाले वाहन
- रेलवे बस स्टेशन रोड पर भी बसों की कतार से रहा जाम
-लाइव-
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। मंगलवार सुबह लगभग 10 बजे रेलवे म्यूजियम के पास मोहद्दीपुर की तरफ से आने वाली अनुबंधित बस का टायर फटने से बस सड़क पर खड़ी हो गई। इस कारण मोहद्दीपुर रोड पर यातायात करीब आधे घंटे तक प्रभावित रहा। इस दौरान इस सड़क से गुजरने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। टायर बदलकर बस को आगे बढ़ाने के बाद आवागमन बहाल हो सका।
बस के अचानक सड़क के बीच में ही खराब हो जाने के कारण दोनों तरफ से आने-जाने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। सुबह का वक्त और और ऑफिस टाइम होेने की वजह से लोग बेचैन व परेशान दिखे। वाहनों की भीड़ के कारण देखते ही देखते दोनों लेन पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इस दौरान यातायात पुलिस के जवान आवागमन सुचारु रूप से संचालित करने की कोशिश करते रहे। लगभग आधे घंटे के बाद बस के टायर को बदला गया, जिसके बाद बस आगे बढ़ी और जाम खुला।
मोहद्दीपुर से गोलघर जा रहे अमित ने बताया कि इस रोड पर जाम नहीं मिलता है। इस कारण इधर से जल्दी में गोलघर जा रहे थे लेकिन यहां जाम में पिछले 15 मिनट से फंसे हैं। कार सवार संदीप त्रिपाठी ने बताया कि यहां जाम नहीं लगता है लेकिन बस खराब होने से इस सड़क पर परेशानी बढ़ी है।
कोट
रेलवे म्यूजियम के पास मंगलवार सुबह अनुबंधित बस में तकनीकी खराबी आ गई थी। उसे मैकेनिक ने तत्काल बनाया गया। इसके बाद इसे रवाना किया किया।
- महेश चंद्र, एआरएम, परिवहन निगम