गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय और संबद्ध कॉलेजों में सम सेमेस्टर (द्वितीय सेमेस्टर को छोड़कर) परीक्षाओं की समय सारिणी में व्यापक बदलाव किया गया है। संशोधित समय सारिणी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है। डीडीयू प्रशासन ने कहा है कि छात्र संशोधित समय सारिणी के अनुसार ही परीक्षा में उपस्थिति सुनिश्चित करें।
स्नातक और परास्नातक की सम सेमेस्टर परीक्षाएं 10 अप्रैल से होनी हैं। इसे लेकर सोमवार को समय सारिणी जारी की गई थी। समय सारिणी जारी होने के बाद मंगलवार को सुबह से ही बड़ी संख्या में छात्र परीक्षा नियंत्रक कार्यालय पहुंचने लगे थे। छात्रों का कहना था कि समय सारिणी में स्नातक से लेकर परास्नातक तक कई विषयों की परीक्षाओं में विभिन्न पेपर के बीच गैप बहुत कम है। कुछ विषयों में लगातार परीक्षाएं घोषित की गई हैं।
छात्र एक से दूसरे पेपर के बीच गैप बढ़ाने की मांग कर रहे थे। कुछ छात्रों ने परीक्षा के दिन ही प्रतियोगी परीक्षाओं का भी हवाला दिया।
छात्रों की वाजिब मांगों को देखते डीडीयू प्रशासन ने समय सारिणी संशोधित किए जाने का निर्णय लिया। इसके बाद दोपहर से ही परीक्षा विभाग में समय सारिणी में संशोधन किया जाने लगा। रात करीब साढ़े आठ बजे संशोधित समय सारिणी जारी कर दी गई।
इस संबंध में परीक्षा नियंत्रक डॉ. कुलदीप सिंह ने बताया कि छात्रों की मांग पर एक से दूसरे पेपर के बीच गैप बढ़ाने के लिए समय सारिणी में संशोधन किया गया है। संशोधित समय सारिणी वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षाएं 10 अप्रैल से ही शुरू हो रही हैं। संबंधित विद्यार्थी समय सारिणी के अनुसार ही निर्धारित केंद्रों पर उपस्थित सुनिश्चित करें।