गीडा इलाके के बांसपार गांव में महिला ने बंधक बनाकर लूट की दी थी सूचना
अमर उजाला ब्यूरो
पिपरौली (गोरखपुर)। गीडा थाना क्षेत्र के बांसपार में शुक्रवार रात में महिला को बंधक बनाकर लूटपाट की घटना फर्जी निकली। पुलिस ने महिला के घर के अंदर ही बने मंदिर में छिपाए गए जेवर को भी बरामद कर लिया। महिला ने पुलिस को बताया कि पति शराब अधिक पीते हैं और उनसे जेवर बचाने के लिए झूठी कहानी गढ़ी थी।
बांसपार गांव निवासी अमित पांडेय की पत्नी पूनम पांडेय ने घर में बंधक बनाकर लूट करने की सूचना दी थी। उसने बताया था कि शुक्रवार शाम वह घर पर अकेली थी और आंगन में बैठकर आग ताप रही थी। इसी दौरान पीछे के दरवाजे के रास्ते तीन बदमाश आए और जान से मारने की धमकी देते हुए एक जगह बैठा दिए। घर को अंदर से बंद कर बदमाशों ने कमरे में रखे अलमारी से सोने का हार, टीका, झुमका, मंगलसूत्र व पांच हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।
घटना के बाद एसपी नार्थ जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने घटनास्थल का निरीक्षण किया था। इसी दौरान घर बाहर आग ताप रहे ग्रामीणों ने ऐसी किसी घटना से इन्कार कर दिया था। इसके बाद संदेह के आधार पर पुलिस ने महिला से पूछताछ की तो वह थोड़ी देर बाद टूट गई और सच्चाई उगल दी। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने जेवर भी बरामद कर लिया।
कोट
महिला का पति से मनमुटाव है। उसने अपने बच्चों के भविष्य के लिए जेवर बचाने के लिए झूठी कहानी गढ़ी थी। उसकी निशानदेही पर जेवर बरामद कर लिया गया है। महिला को दोबारा ऐसी गलती न करने की चेतावनी दी गई है।
- जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव, एसपी नार्थ